लखनऊ । राजधानी लखनऊ स्थित उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के सरकारी आवास पर आयोजित जनता दरबार में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने जमीन, राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य तथा अन्य विभागों से जुड़े मामलों पर उपमुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
जनता दरबार के दौरान उपमुख्यमंत्री ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सरकार की प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कई फरियादियों ने व्यक्तिगत रूप से उपमुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखी, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी इस बात का संकेत रही कि नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इस व्यवस्था पर भरोसा जता रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जहां प्रदेशभर से आने वाले लोगों की शिकायतें सुनकर उनके त्वरित निस्तारण का प्रयास किया जाता है।
ब्यूरो लखनऊ अजय सिंह।






