Search
Close this search box.

दुद्धी में जाम बना गंभीर संकट, प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल

दुद्धी । दुद्धी कस्बे से गुजरने वाले एनएच-39 पर लगातार लगने वाला जाम अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। सुबह से लेकर देर शाम तक वाहनों की लंबी कतारें लगने से राहगीरों, मरीजों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में घंटों जाम में फंसे वाहनों से निकलने वाला धुआं, धूल और लगातार बजते हॉर्न प्रदूषण की समस्या को और बढ़ा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग, ट्रैफिक नियंत्रण की कमी और बढ़ते वाहनों का दबाव जाम की प्रमुख वजह हैं। कई बार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे मरीजों की जान तक जोखिम में पड़ जाती है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार जाम लगने से बाजार की रौनक प्रभावित हो रही है और कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

पूर्व भाजपा जिला महामंत्री सुरेन्द्र अग्रहरि ने जाम की समस्या के लिए प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाने के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं दिखती। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने और नियमित यातायात प्रबंधन की मांग की है, ताकि दुद्धी को वर्षों पुरानी जाम की समस्या से राहत मिल सके।

Leave a Comment

और पढ़ें