लखनऊ। : गुडंबा थाना क्षेत्र के आदिल नगर में एक महिला के घर में कथित तौर पर जबरन घुसकर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता जरीना का आरोप है कि नामजद आरोपी अपने साथियों के साथ घर में घुस आए और उस पर तथा उसके छोटे-छोटे बच्चों पर हमला कर दिया। महिला के अनुसार चाकू से किए गए वार में उसके सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि बच्चों के साथ भी मारपीट की गई।
पीड़िता का कहना है कि पूरी घटना मोहल्ले के लोगों के सामने हुई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई है। उसने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी हाल ही में जेल से छूटकर आया है और लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपी पक्ष का बयान अभी सामने नहीं आया है।









