बलिया। भामाशाह जयंती एवं व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर आयोजित भारतीय वैश्य चेतना महासभा, उत्तर प्रदेश के प्रांतीय वैश्य प्रतिनिधि समागम-2026 में वैश्य समाज ने अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’ तथा परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह में समाज के प्रतिनिधियों ने दानवीर भामाशाह के सम्मान में उनके नाम पर बस सेवा शुरू करने, स्मृति द्वार निर्माण तथा प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठाई। इस पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने विधायक निधि से 25 लाख रुपये उपलब्ध कराकर स्मृति द्वार निर्माण कराने तथा भामाशाह के नाम से बस संचालन की पहल करने की घोषणा की। मंत्री की घोषणा पर उपस्थित लोगों ने तालियों से स्वागत किया।
कार्यक्रम में संगठनात्मक चुनाव भी संपन्न हुए। चुनाव के बाद सतीश गांधी को भारतीय वैश्य चेतना महासभा का राष्ट्रीय महासचिव तथा आशीष साहू को उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समाज के हितों की रक्षा, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। समारोह में बड़ी संख्या में वैश्य समाज के प्रतिनिधि एवं व्यापारी मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।










