वाराणसी। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टेट-2026) के दौरान परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए कैंट रेलवे स्टेशन पर विशेष होल्डिंग एरिया (विश्राम क्षेत्र) तैयार किया गया है, जहां बैठने के लिए टेंट और कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। यहां लगातार साफ-सफाई और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नगर निगम ने परीक्षार्थियों से विश्राम क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने तथा प्रतिबंधित सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की अपील भी की है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी और जलकल विभाग के महाप्रबंधक को परीक्षा अवधि में सभी 68 परीक्षा केंद्रों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई तथा निर्बाध पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सभी मुख्य सफाई निरीक्षकों और सफाई निरीक्षकों को मौके पर सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन और नगर निगम का उद्देश्य है कि यूपी टेट परीक्षा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण में संपन्न हो तथा बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।





