वाराणसी । जनपद के रोहनिया थाना क्षेत्र के शाहावाबाद निवासी राजेन्द्र प्रसाद सिंह ने पैतृक संपत्ति के कथित फर्जी बैनामे और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस से मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। शिकायत के अनुसार, उनके दादा स्वर्गीय दान बहादुर सिंह की मौजा दरेखू स्थित पैतृक भूमि छह पुत्रों के बीच वैधानिक रूप से विभाजित थी।
आरोप है कि परिवार के एक सदस्य के वारिस आजाद कुमार भारद्वाज ने अपने वास्तविक हिस्से से अधिक भूमि और उस पर बने भवन को अपना बताकर 26 दिसंबर 2025 को करोड़ों रुपये में रजिस्टर्ड बैनामा कर दिया। शिकायतकर्ता का दावा है कि चकबंदी अधिकारी के निर्णय के अनुसार आजाद कुमार भारद्वाज का वैधानिक हिस्सा मात्र 0.006 हेक्टेयर था, जबकि उन्होंने इससे कहीं अधिक भूमि और भवन का विक्रय कर दिया।


आरोप है कि इस प्रक्रिया में क्रेता, गवाह और अन्य संबंधित लोगों ने भी कथित रूप से मिलीभगत कर आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से सहयोग किया। शिकायतकर्ता के अनुसार इस कथित बैनामे से लगभग 3.85 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ, जिससे अन्य सह-खातेदारों के अधिकार प्रभावित हुए।
राजेन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया कि उन्होंने 16 जनवरी 2026 को रोहनिया थाने तथा 23 जनवरी 2026 को पुलिस कमिश्नर वाराणसी से शिकायत की थी। पुलिस कमिश्नर द्वारा जांच कर तथ्य सही पाए जाने पर मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई। पीड़ित ने संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।







