बलिया । 4 जुलाई जनपद बलिया के थाना बांसडीह पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या से जुड़े एक मामले में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को दर्ज मुकदमा संख्या 190/26 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान शनिवार को मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक सौरभ श्रीवास्तव एवं उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए सुनील यादव (18) और सचिन यादव (19) को खरौनी गेट के पास तथा अरुण यादव (23) को अंबेडकर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार सभी आरोपी थाना बांसडीह क्षेत्र के खरौनी गांव के निवासी हैं। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार सिंह, कांस्टेबल अखिलेश पटेल तथा आरक्षी रामअवतार भी शामिल रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







