वाराणसी । उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बलिया पुलिस द्वारा ₹50 हजार के इनामी घोषित वांछित अभियुक्त मनोज यादव को वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बलिया के कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्ज गंभीर आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था। एसटीएफ की अयोध्या फील्ड यूनिट ने 4 जुलाई 2026 की तड़के करीब 1:15 बजे बनारस रेलवे स्टेशन (मडुआडीह थाना क्षेत्र) के प्रवेश द्वार के पास उसे उस समय दबोचा, जब वह पुलिस से बचकर भागने की फिराक में था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2021 में अपने एक करीबी मित्र के साथ हुई मारपीट की घटना का बदला लेने के लिए उसने साथियों के साथ कई हिंसक घटनाओं को अंजाम दिया। क्षेत्र में अपना दबदबा कायम करने के उद्देश्य से लोगों को डराने-धमकाने और मारपीट करने की बात भी उसने स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी जेल जा चुका है और जेल से छूटने के बाद तमिलनाडु में रहकर समय-समय पर बलिया आता-जाता था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। एसटीएफ ने आरोपी को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए बलिया पुलिस को सौंप दिया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ मारपीट, धमकी, गंभीर हिंसा, एससी/एसटी एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।







