वाराणसी । 4 जुलाई जय श्री कृष्णा फाउंडेशन (JSK) के 16वें स्थापना दिवस पर आयोजित तीन दिवसीय ‘पंचामृत उत्सव 2026’ के दूसरे दिन सेवा और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। संस्थापक संजीव अग्रवाल के नेतृत्व में करीब 150 सदस्य दशाश्वमेध घाट पहुंचे, जहां खिचड़ी बाबा मंदिर पर लगभग 500 श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों को खिचड़ी प्रसाद वितरित किया गया।

इसके बाद सभी सदस्यों ने बृहस्पति मंदिर में दर्शन-पूजन कर बाबा विश्वनाथ के जयघोष के साथ शीतला घाट पहुंचकर माँ गंगा का 51 लीटर दूध से दुग्धाभिषेक किया तथा 51 साड़ियों से चुनरी मनोरथ संपन्न किया। माँ शीतला के दर्शन के बाद चाय-अल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

संजीव अग्रवाल ने कहा कि पंचामृत उत्सव समाज, धर्म, व्यवसाय, व्यक्तित्व और परमात्मा के समन्वय का प्रतीक है तथा JSK पिछले 16 वर्षों से सेवा को ही पूजा मानकर कार्य कर रहा है। इससे पूर्व प्रथम दिवस पर दुर्गाकुंड स्थित त्रिदेव मंदिर में 175 महिलाओं ने लाल वस्त्रों में सोलह श्रृंगार कर दिव्य माँ लक्ष्मी पूजन किया था।

उत्सव का समापन 5 जुलाई को श्री काशी विश्वनाथ धाम में महा रुद्राभिषेक तथा सांस्कृतिक संध्या “एक शाम भाग्यश्री के नाम” के साथ होगा।







