वाराणसी । पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने चेतगंज क्षेत्र में हुई पांच लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का सफल खुलासा करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। संयुक्त कार्रवाई थाना चेतगंज, थाना रामनगर एवं सर्विलांस सेल की टीम ने की। गिरफ्तारी के दौरान मुख्य आरोपी आकाश सेठ ने पुलिस टीम पर पिस्टल से फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
पुलिस के अनुसार 27 जून 2026 को वादी अपने मित्र के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। उसके पास प्लॉट की रजिस्ट्री के लिए उधार लिए गए पांच लाख रुपये कपड़े के झोले में रखे थे। बाटी-चोखा रेस्टोरेंट के पास बाइक सवार बदमाशों ने झोला लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की।
जांच में सामने आया कि आरोपियों को पीड़ित की गतिविधियों की सूचना पहले से उपलब्ध कराई गई थी। प्रद्युम्न यादव ने अपने साथी गोविंद मौर्य को तथा आशीष मौर्य ने मुख्य आरोपी आकाश सेठ को वादी के आने-जाने की जानकारी दी थी, जिसके आधार पर पूरी वारदात की साजिश रची गई।
संयुक्त पुलिस टीम ने लंका मैदान एवं रामनगर बंदरगाह रोड क्षेत्र में दबिश देकर आकाश सेठ, आशीष मौर्य, सिपाही उर्फ विजय यादव, आकाश यादव, प्रद्युम्न यादव, गोविंद मौर्य, अमित कुमार तथा जावेद अख्तर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार, एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक पिस्टल, दो खोखा कारतूस तथा लूटे गए पूरे पांच लाख रुपये बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी आकाश सेठ सहित कुछ अन्य आरोपियों के विरुद्ध पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के सफल अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस उपायुक्त काशी जोन ने संयुक्त पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। इस कार्रवाई को कमिश्नरेट पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।







