वाराणसी । के ग्राम पंचायत धन्नीपुर के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि वार्ड संख्या 52 के पार्षद प्रतिनिधि शमीम नोमानी ने वर्षों पुराने जल निकासी मार्ग को कथित रूप से बोरे और बालू से बंद करवा दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग धन्नीपुर सहित आसपास के कई गांवों के भूमिगत जल निकासी का एकमात्र रास्ता है, जिससे पानी मुख्य नाले तक पहुंचता है।
आरोप है कि 4 जुलाई 2026 की रात करीब तीन बजे कुछ लोगों के साथ पहुंचकर जल निकासी के चैम्बर को बंद कर दिया गया, जिससे गांव में जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार इस घटना से बच्चों के स्कूल आने-जाने, आवागमन और दैनिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है तथा क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर जल निकासी मार्ग को खुलवाने, निर्बाध जल निकासी सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है।








