जम्मू-कश्मीर ।श्री अमरनाथ यात्रा 2026 के तहत सोमवार को जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास आधार शिविर से 5,794 श्रद्धालुओं का पांचवां जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दक्षिण कश्मीर हिमालय स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों के अनुसार यह जत्था 257 वाहनों के काफिले में रवाना किया गया, जिसमें हल्के एवं भारी दोनों प्रकार के वाहन शामिल थे। इनमें 2,304 श्रद्धालु बालटाल मार्ग और 3,490 श्रद्धालु पहलगाम मार्ग से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए प्रस्थान किए।
यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संचालित करने के लिए नागरिक प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा बलों तथा श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड ने व्यापक इंतज़ाम किए हैं। पूरे मार्ग पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल वैध पंजीकरण और निर्धारित यात्रा तिथि के अनुसार ही यात्रा करें। बिना पंजीकरण वाले यात्रियों को आधार शिविर से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि 2 जुलाई को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने यात्रा के प्रथम जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है।







