रोहनिया । विधानसभा क्षेत्र रोहनिया के विकास को गति देते हुए विधायक डॉ. सुनील पटेल ने ग्राम मुड़ादेव स्थित प्रसिद्ध मुंडेश्वर महादेव मंदिर के सृजन एवं सुंदरीकरण कार्य का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ आयोजित कार्यक्रम में मंदिर परिसर के विकास कार्यों की शुरुआत हुई।

करीब 2 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से मंदिर परिसर का कायाकल्प किया जाएगा। इस परियोजना को क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। मंदिर के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि रोहनिया के समग्र विकास के साथ-साथ धार्मिक स्थलों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अपनी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है, जिससे आने वाली पीढ़ियां इससे जुड़ाव महसूस कर सकें।
स्थानीय लोगों ने मंदिर सुंदरीकरण की पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की आस्था और विकास को मजबूत करने वाला कदम बताया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद पटेल, राष्ट्रीय सचिव राकेश यादव, अजीत पटेल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल, युवा मंच जिलाध्यक्ष मानस सिंह, दिव्यांशु पटेल, आनंद प्रकाश पटेल, उदय प्रताप प्रधान, धीरेंद्र सिंह सोनू, रीना वर्मा, गोपाल सिंह, बसंत लाल पटेल, आदर्श पटेल, डॉ. प्रेम पटेल, दिनेश पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।








