बलिया । उत्तर प्रदेश सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से बलिया शहर के आनंद नगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिला अस्पताल बलिया से जुड़े नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने शिविर के माध्यम से लोगों को टीबी बीमारी के प्रति जागरूक किया।
शिविर में पहुंचे मरीजों की टीबी जांच की गई तथा डिजिटल एक्स-रे के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार कराने के बारे में जानकारी दी। चिकित्सकों ने बताया कि समय रहते जांच और इलाज कराने से टीबी जैसी बीमारी को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सकता है।

स्वास्थ्य केंद्र की ओर से मरीजों को निशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया जाए और जिले को टीबी मुक्त बनाने में जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान आनंद नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी राम दयाल सिंह, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर अखिलेश मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार के टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराएं और उपचार शुरू करें।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह। ओं








