वाराणसी । 08 जुलाई मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामकृष्णन के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) वाराणसी मंडल यात्रियों की सुरक्षा और बचपन बचाओ अभियान के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में 6 जुलाई को वाराणसी सिटी स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान आरपीएफ को 14 वर्षीय एक रोती हुई नाबालिग बालिका मिली। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने पिता के साथ यात्रा के दौरान स्टेशन पर छूट गई थी। आरपीएफ ने बालिका को सुरक्षित पोस्ट लाकर चाइल्डलाइन 1098 को सूचना दी और उसे सकुशल सुपुर्द कर दिया।

वहीं, 7 जुलाई को 139 हेल्पलाइन से मिली सूचना पर गाड़ी संख्या 15113 से यात्रा कर रहे मानसिक रूप से अस्वस्थ यात्री पतिराम सिंह को कप्तानगंज स्टेशन पर सुरक्षित खोज लिया गया। पहचान की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें उनके भतीजे अनुज कुमार सिंह के सुपुर्द कर दिया गया।

इसके अलावा, गाड़ी संख्या 12562 के कोच एस-3 में मिला बाल्टियों व अन्य सामान से भरा बोरा भी सुरक्षित रखकर उसके वास्तविक स्वामी मोतीलाल, निवासी आजमगढ़, को सत्यापन के बाद वापस सौंप दिया गया। आरपीएफ की इन त्वरित कार्रवाइयों की यात्रियों ने सराहना की।









