दुद्धी सोनभद्र। हिंदुस्तान ओलंपियाड 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद स्तर पर स्थान हासिल करने वाले दुद्धी क्षेत्र के चार मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। डीएलसी पब्लिक स्कूल में आयोजित समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने विजेताओं को चेक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए। सम्मानित विद्यार्थियों में डीएलसी पब्लिक स्कूल के सुमंगलम दित्या गुप्ता और अर्षिता जायसवाल को ₹3100-₹3100, शिक्षा सिंह को ₹2100 तथा कुंदन कुमार को ₹1100 की पुरस्कार राशि दी गई। साथ ही सेंट मेरी स्कूल की एक छात्रा को भी जनपद स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि कमलेश मोहन ने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सही मार्गदर्शन व अवसर आवश्यक हैं। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में हिंदुस्तान ओलंपियाड में भाग लेने वाले विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। विद्यार्थियों ने प्रमाण पत्र प्राप्त कर खुशी जताई और ऐसे आयोजन नियमित रूप से कराने की अपेक्षा व्यक्त की। समारोह में विद्यालय के प्रबंधक सुमन जायसवाल, प्रधानाचार्य रामानुज दुबे, दुद्धी प्रेस क्लब अध्यक्ष रमेश यादव, शिक्षकगण, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







