मीरजापुर । जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेत्तर, राजस्व, चकबंदी तथा सीएम डैशबोर्ड राजस्व की समीक्षा बैठक हुई। सीएम डैशबोर्ड पर कई विभागों की ग्रेडिंग बी और सी श्रेणी में मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि डैशबोर्ड की निगरानी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से होती है। बी श्रेणी वाले अधिकारी इसे चेतावनी समझें और अगले माह तक हर हाल में ए श्रेणी प्राप्त करें, जबकि सी श्रेणी वाले अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

डीएम ने आईजीआरएस, संपूर्ण समाधान दिवस, जनसुनवाई और राजस्व वादों के लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण फील्ड वेरिफिकेशन के साथ करने के निर्देश दिए। फर्जी निस्तारण मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

कर एवं करेत्तर की समीक्षा में बड़े बकायेदारों से आरसी के माध्यम से वसूली और राजस्व लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति पर जोर दिया गया। चकबंदी अधिकारियों को गांवों में जाकर किसानों के बीच विवादों का समाधान कराने तथा चक आवंटन में पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी दफ्तरों से निकलकर फील्ड में जाएं और जनता से सीधा संवाद करें। बैठक में एडीएम विनोद सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।











