वाराणसी । नगर निगम कार्यकारिणी समिति के रिक्त छह पदों के लिए शुक्रवार को मैदागिन स्थित टाउनहाल सभागार में हुए चुनाव में भाजपा ने अपना दबदबा कायम रखते हुए पांच सीटों पर जीत दर्ज की। समाजवादी पार्टी (सपा) को एक सीट मिली, जबकि कांग्रेस कार्यकारिणी की दौड़ से पूरी तरह बाहर हो गई। महापौर अशोक कुमार तिवारी की रणनीति और सामाजिक समीकरणों के चलते भाजपा ने पिछली तुलना में एक अतिरिक्त सीट हासिल की। खास तौर पर कन्नौजिया समाज को कार्यकारिणी में प्रतिनिधित्व दिया गया।

छह रिक्त पदों के लिए आठ प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। सपा प्रत्याशी अमरदेव के नामांकन वापस लेने के बाद मुकाबला रोचक हो गया। कांग्रेस प्रत्याशी गुलशन अली के मैदान में डटे रहने से मतदान की नौबत आई, जिसका सीधा लाभ भाजपा को मिला। चुनाव में भाजपा के बलराम कन्नौजिया, इंद्रा रानी, संदीप रघुवंशी, संजय केशरी और नरसिंह दास निर्वाचित हुए, जबकि सपा के गोविंद प्रसाद सिंह ने जीत दर्ज की।

कुल 112 मतदाताओं में से 107 ने मतदान किया। इस तरह 95.53 प्रतिशत रिकॉर्ड मतदान हुआ। एक मत अवैध घोषित किया गया। चुनाव एकल संक्रमणीय पद्धति से हुआ। मतदान में कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पांच मतदाता अनुपस्थित रहे।

मतगणना के बाद महापौर ने निवर्तमान छह सदस्यों और नवनिर्वाचित सदस्यों को सम्मानित किया। सदन की कार्यवाही वंदेमातरम् से शुरू होकर राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुई।











