बलिया । थाना सुखपुरा क्षेत्र के जीराबस्ती गांव निवासी 45 वर्षीय रितेश तिवारी पर बुधवार को अज्ञात बाइक सवार ने चाकू से हमला कर दिया। बताया गया कि रितेश तिवारी पुत्र स्वर्गीय गोपाल तिवारी कचहरी से अपने गांव जीराबस्ती-हनुमानगंज जा रहे थे। इसी दौरान करीब सुबह 9 बजे पीछे से आए बाइक सवार ने उनकी पीठ में चाकू मार दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल रितेश तिवारी को जिला अस्पताल बलिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने मामले में दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पूर्व से जमीन संबंधी विवाद होने की बात सामने आ रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी बलिया संजय वर्मा ने वीडियो बाइट के माध्यम से जानकारी दी।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।









