वाराणसी । जनपद के रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों को आधुनिक, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने महत्वपूर्ण पहल की है। वाराणसी की रेलवे कॉलोनियों में घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल और गेल इंडिया लिमिटेड के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। पूर्वोत्तर रेलवे में पहली बार वाराणसी मंडल द्वारा इस प्रकार का समझौता किया गया है।

भारतेंदु सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की उपस्थिति में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह और गेल इंडिया लिमिटेड, वाराणसी के महाप्रबंधक सुशील कुमार ने MoU पर हस्ताक्षर किए। समझौते के तहत रेलवे आवासों और संस्थानों में चरणबद्ध तरीके से PNG कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे।
मंडल रेल प्रबंधक ने PNG को सुरक्षित, विश्वसनीय, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल ईंधन बताते हुए कहा कि इससे LPG सिलेंडर पर निर्भरता घटेगी और मीटर आधारित पारदर्शी बिलिंग की सुविधा मिलेगी। गेल अधिकारियों के अनुसार, PNG से सिलेंडर बुकिंग, भंडारण और बदलने की असुविधा समाप्त होगी। MoU के बाद रेलवे कॉलोनियों में PNG पाइपलाइन बिछाने का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।








