वाराणसी । पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल के विरोध में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी वाराणसी के विधि विभाग ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान छात्रों, विशेषकर छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार और पुलिस कार्रवाई की निंदा की।
ज्ञापन में मांग की गई कि नीट पेपर लीक के कारण जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। लाठीचार्ज में घायल छात्रों को 10-10 लाख रुपये की सहायता तथा मृत छात्रा के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाए। कांग्रेस ने छात्राओं के साथ कथित अभद्रता और आपत्तिजनक तरीके से बल प्रयोग करने वाले पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त करने की भी मांग की।
इसके अलावा कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर छात्रों को गुमराह करने और देश में अनिश्चितता का माहौल पैदा करने का आरोप लगाते हुए मोदी सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग राष्ट्रपति से की। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष लोकेश कुमार सिंह एडवोकेट, संगठन प्रभारी आनंद कुमार सिंह एडवोकेट, अशोक सिंह सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।








