चन्दौली। /डीडीयू नगर नई दिल्ली में बीते कई दिनों से चल रहे धरना-प्रदर्शन का असर अब जनपद चंदौली में भी दिखाई देने लगा है। पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों और युवाओं ने सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में जोरदार प्रदर्शन किया।
छात्र नेता अंकित यादव के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में छात्र सकलडीहा मोड़ पर एकत्र हुए। इसके बाद युवाओं ने जुलूस निकालते हुए चकिया चौराहे तक पहुंचकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के बाद छात्रों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी राजीव मोहन सक्सेना को सौंपा। ज्ञापन सौंपने के बाद धरना-प्रदर्शन समाप्त किया गया।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मौके पर क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह, मुगलसराय थाना प्रभारी बीपी सिंह, अलीनगर इंस्पेक्टर गगन राज सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
ब्यूरो चन्दौली संजय शर्मा।








