वाराणसी । दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में भी छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। छात्रों का कहना था कि लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। मेहनत और वर्षों की तैयारी के बाद परीक्षा देने वाले छात्रों को पेपर लीक के कारण निराशा और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता है।
छात्रों ने मांग की कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त कानून बनाया जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शन को रोकने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से प्रयास किए गए, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही। प्रदर्शनकारी छात्रों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।








