लखनऊ । मुंशी प्रेमचंद की जयंती के अवसर पर खुन-खुन जी गर्ल्स पीजी कॉलेज, चौक के हिंदी विभाग द्वारा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में हिंदी साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाना तथा महान साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद के साहित्यिक और सामाजिक योगदान से परिचित कराना था।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने प्रेमचंद के साहित्य, सामाजिक चेतना और यथार्थवादी लेखन पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। बी.ए. तृतीय वर्ष की सत्या सिंह ने प्रथम, प्रियंका ने द्वितीय तथा बी.ए. प्रथम वर्ष की शालिनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
निर्णायक मंडल में डॉ. रुचि यादव, डॉ. अंजू यादव एवं डॉ. अंकिता दीक्षित शामिल रहीं। हिंदी विभाग की सहायक आचार्य डॉ. प्रियंका और डॉ. शालिनी शुक्ला ने प्रेमचंद के साहित्यिक अवदान, सामाजिक सरोकारों और हिंदी कथा-साहित्य में उनके अमूल्य योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंशु केडिया के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।










