वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में शुक्रवार को प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में जुलाई 2026 में सेवानिवृत्त हुए एक अधिकारी एवं 19 कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने की। प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी ने महाप्रबंधक का स्वागत करते हुए सेवानिवृत्त कर्मचारियों की निष्ठापूर्ण सेवाओं की सराहना की।

महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा यात्रा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने सभी कर्मियों के योगदान को नमन करते हुए स्वस्थ, सुखी एवं सक्रिय जीवन की शुभकामनाएँ दीं तथा नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने सभी सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को माल्यार्पण और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

समारोह में प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेकशील, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. अब्दुल माबूद तथा कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार यादव ने भी सेवानिवृत्त कर्मियों की सेवाओं की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने बरेका को अपना परिवार बताते हुए लंबे सेवाकाल की यादें साझा कीं और अधिकारियों व सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी परिषद के पदाधिकारी, परिजन एवं बड़ी संख्या में सहकर्मी उपस्थित रहे। संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) राज कुमार गुप्ता ने किया।









