वाराणसी । 31 जुलाई 2026 उत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में 1 अधिकारी एवं 23 कर्मचारियों सहित कुल 24 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। प्रेमचंद सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति लाभ, सेवा प्रमाण पत्र, पीपीओ, डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज सौंपे गए।

मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने रेलकर्मियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और भारतीय रेल के विकास में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना, आधुनिक यात्री सुविधाएं, संरक्षा तथा वंदे भारत जैसी सेवाओं के विस्तार में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से वित्तीय लाभों का विवेकपूर्ण उपयोग करने, स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा अपने अनुभवों से नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करने का आग्रह किया।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने बताया कि कार्मिक विभाग के प्रयासों से सेवानिवृत्ति के दिन ही रिक्त हुए पदों पर वरिष्ठता के आधार पर 10 कर्मचारियों को पदोन्नति पत्र प्रदान किए गए। समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का माल्यार्पण कर सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम में मंडल वित्त प्रबंधक अंकित प्रधान, सहायक कार्मिक अधिकारी राम सिंह सहित लेखा एवं कार्मिक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में कर्मचारियों के लिए यूएमआईडी (UMID) कार्ड तथा साइबर अपराध जागरूकता विषय पर विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने किया।










