लखनऊ । संसद परिसर में सांसद पप्पू यादव के कथित आचरण के विरोध में शनिवार को सनातन रक्षा संगठन ने हजरतगंज स्थित श्रीराम टावर से जीपीओ पार्क तक प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली। संगठन के अनुसार, इस प्रदर्शन में संतों, युवाओं और बड़ी संख्या में सनातन धर्म के अनुयायियों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने पप्पू यादव के खिलाफ नारेबाजी की और उनके कथित बयान एवं आचरण पर नाराजगी जताई।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुरोध राय ने आरोप लगाया कि सनातन धर्म का बार-बार अपमान किया जा रहा है और इसके विरोध में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान कुछ राजनीतिक नेताओं के खिलाफ भी नारे लगाए गए।
हालांकि, कार्यक्रम के दौरान अनुरोध राय द्वारा पप्पू यादव के खिलाफ हिंसा के लिए कथित रूप से इनाम घोषित करने जैसा अत्यंत विवादित बयान भी दिया गया। इस प्रकार के बयान कानून के दायरे में गंभीर माने जाते हैं और हिंसा के लिए उकसाने वाले किसी भी वक्तव्य का समर्थन नहीं किया जा सकता।
प्रदर्शन में मुकेश तिवारी, अखिलेश सिंह, शैलेन्द्र दीक्षित, शत्रुघ्न त्रिपाठी और आनंद मिश्रा सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं समर्थक उपस्थित रहे।









