Search
Close this search box.

बरेका ने रचा नया इतिहास, जुलाई में रिकॉर्ड 65 विद्युत रेल इंजनों का किया निर्माण

वाराणसी । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने जुलाई 2026 में एक माह के भीतर 65 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण कर नया इतिहास रच दिया है। यह बरेका के इतिहास का अब तक का सर्वाधिक मासिक उत्पादन है। इससे पहले मार्च 2025 में 61 इंजनों के निर्माण का रिकॉर्ड था, जिसे अब पीछे छोड़ दिया गया है।

जुलाई में निर्मित इंजनों में 44 डब्ल्यूएजी-9एचसी मालवाहक, 13 डब्ल्यूएपी-7 यात्री और 8 अमृत भारत विद्युत रेल इंजन शामिल हैं। यह उपलब्धि बरेका की अत्याधुनिक तकनीक, उत्पादन क्षमता और कर्मचारियों की टीम भावना का प्रमाण मानी जा रही है।

स्थापना से अब तक बरेका 11,445 रेल इंजनों का निर्माण कर चुका है, जिनमें 3,109 विद्युत रेल इंजन शामिल हैं। वहीं, “मेक इन India, मेक फॉर द वर्ल्ड” के तहत 11 देशों को 182 रेल इंजनों का निर्यात भी किया जा चुका है।

महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने इस उपलब्धि पर अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि बरेका रेल मंत्रालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 468 विद्युत रेल इंजनों के उत्पादन लक्ष्य को समय से पहले और उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

बरेका की यह उपलब्धि भारतीय रेल के आधुनिकीकरण, आत्मनिर्भर भारत अभियान और भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें