गाजीपुर । श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने महाहर धाम में तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
डीएम ने कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, चिकित्सा सुविधा, विश्राम स्थल और प्राथमिक उपचार केंद्रों की व्यवस्था समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर करने को कहा। एसपी ने बताया कि यात्रा के दौरान सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल और कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेंगे।
बैठक के बाद डीएम और एसपी ने महाहर धाम परिसर में स्थापित नई पुलिस चौकी का फीता काटकर उद्घाटन किया, जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।









