Search
Close this search box.

रोल मॉडल की आज सबसे अधिक जरूरत, पत्रकार समाज को दें सकारात्मक दिशा: कुलपति डॉ. आनंद कुमार त्यागी

वाराणसी । उपज वाराणसी इकाई का स्थापना दिवस समारोह शिवपुर स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति डॉ. आनंद कुमार त्यागी और विशिष्ट अतिथि पत्रकारिता विभागाध्यक्ष प्रो. नागेंद्र कुमार सिंह रहे।

कुलपति डॉ. त्यागी ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को सकारात्मक दिशा देने वाले रोल मॉडल की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और उपज द्वारा विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियों को “काशी कोहिनूर रत्न सम्मान” देकर प्रेरणादायी कार्य किया गया है।

प्रो. नागेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि युवाओं में बढ़ती नकारात्मक सोच समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए हालिया प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां प्रयुक्त आपत्तिजनक भाषा ने पूरे समाज का सिर शर्म से झुका दिया। उन्होंने पत्रकारों से अपनी लेखनी के माध्यम से ऐसी घृणित मानसिकता के खिलाफ जनजागरण करने का आह्वान किया।

समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता विजय शंकर रस्तोगी, डॉ. राम सुधार सिंह, डॉ. राम प्रसाद सिंह, प्रेम कपूर, डॉ. शिप्रा धर और अमन कबीर को “काशी कोहिनूर रत्न सम्मान” से सम्मानित किया गया। दिवंगत पत्रकारों और संस्थापक सदस्यों की स्मृति में पौधरोपण भी किया गया। उपज के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वाराणसी अध्यक्ष विनोद कुमार बागी ने पत्रकारों की संवैधानिक सुरक्षा की मांग दोहराई, जबकि प्रदेश महामंत्री आनंद कर्ण ने संगठन के विस्तार और पत्रकारों की सुरक्षा के लिए शाखाएं खोलने की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन मोनेश श्रीवास्तव ने किया।

Leave a Comment

और पढ़ें