बलिया । जनपद के मनियर थाना क्षेत्र के ग्राम दक्षिणी पटखौली में छेड़छाड़ और अश्लील वीडियो बनाने के मामले से जुड़ी एक नाबालिग बालिका की मौत के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार 31 जुलाई 2026 को पीड़िता की मां ने थाना मनियर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव निवासी जाहिद ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर उसके अश्लील वीडियो बनाए और उसके साथ छेड़छाड़ की। इस शिकायत पर तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई थी।
पुलिस ने दो आरोपियों को लिया हिरासत में
विवेचना के दौरान रविवार को पीड़िता बालिका ने किसी कारणवश आत्महत्या का प्रयास किया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी जाहिद सहित दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







