वाराणसी । सांसद पप्पू यादव के कथित बयान और आचरण के विरोध में रविवार को वाराणसी जिला मुख्यालय पर विश्व सनातन रक्षा परिषद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला दहन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में परिषद के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे तथा सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सांसद पप्पू यादव द्वारा किया गया कथित कृत्य सनातन परंपरा और संत समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना से देशभर के सनातन धर्मावलंबियों में आक्रोश है और संत समाज का अपमान हुआ है।
विश्व सनातन रक्षा परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन किसी भी धर्म, संत या धार्मिक परंपरा का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मांग की कि सांसद पप्पू यादव सार्वजनिक रूप से देशवासियों और संत समाज से बिना शर्त माफी मांगें।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द माफी नहीं मांगी गई तो विरोध आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ तथा मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।





