Search
Close this search box.

समरसता का संदेश लेकर गांव-गांव पहुंची गुरु रविदास कलश वंदन यात्रा

रोहनिया। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की पावन जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र माटी से भरे कलश के साथ सोमवार को समरसता और सामाजिक एकता का संदेश देने वाली कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय, रोहनिया से हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस अवसर पर मौजूद रहे।

आयोजकों ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य गुरु रविदास जी के समानता, समरसता और मानवता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा राजातालाब मंडल के भीमचंडी, भिखारीपुर, चंदापुर, सिंगही और मिल्कीपुर सहित पांच गांवों में पहुंची, जहां कलश का पूजन, स्वागत और गुरु रविदास जी के जीवन-दर्शन पर चर्चा की गई।

जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल ने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं समाज से भेदभाव समाप्त कर भाईचारा और सामाजिक समरसता स्थापित करने की प्रेरणा देती हैं। इसी संदेश को घर-घर पहुंचाने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है।

यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर कलश का स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला महामंत्री संजय सोनकर, जिला मंत्री अश्वनी पांडेय, संजीव सिंह गौतम, विजय राज यादव, ओमप्रकाश प्रियदर्शी, प्रेमशंकर पाठक, अभिषेक त्रिपाठी ‘सुमित’, बृजेश राजभर, ज्ञानचंद्र पटेल, सुजीत पाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्टिंग रधिका तिवारी।

Leave a Comment

और पढ़ें