कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पीतांबरा इंटरप्राइजेज नामक मसाला फैक्ट्री पर छापेमारी की। जांच में खुलासा हुआ कि फैक्ट्री में चावल के टुकड़ों में पीले रंग का लिक्विड कलर मिलाकर नकली हल्दी पाउडर तैयार किया जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार पूरी छापेमारी के दौरान असली हल्दी का एक भी टुकड़ा नहीं मिला।
मौके से 77 बोरी चावल के टुकड़े, 42 बोरी नकली हल्दी पाउडर, बड़ी मात्रा में मिर्च और धनिया पाउडर तथा लिक्विड कलर बरामद किया गया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है। खाद्य विभाग ने सभी संदिग्ध उत्पादों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मिलावटी मसालों के कारोबार पर भी विभाग की निगरानी तेज कर दी गई है।







