Search
Close this search box.

आरपीएफ की सक्रियता: दो मोबाइल चोर गिरफ्तार, बिछड़े बुजुर्ग को परिजनों से मिलाया, घायल यात्री को मिली तत्काल मदद

वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ के नेतृत्व में आरपीएफ द्वारा अपराध नियंत्रण के साथ-साथ मानवीय सेवा कार्य भी किए जा रहे हैं।

मोबाइल चोरों पर करवाई और बुजुर्ग यात्री को मिली राहत

05 अगस्त 2026 को आरपीएफ पोस्ट सिवान और जीआरपी की संयुक्त टीम ने सिवान रेलवे स्टेशन पर दो शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी छपरा-गोरखपुर रेलखंड के स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उनके पास से ओप्पो और रियलमी कंपनी के दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये है। दोनों के खिलाफ रेल थाना सिवान में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

वहीं रेल मदद-139 पर मिली सूचना के आधार पर ट्रेन संख्या 12566 से यात्रा कर रहे 70 वर्षीय किशोरी पासवान, जो अपने परिजनों से बिछड़ गए थे, उन्हें आरपीएफ जवानों ने खोजकर सुरक्षित बरामद किया। सत्यापन के बाद उन्हें उनकी पुत्री मंजू कुमारी पासवान निवासी जनकपुर (नेपाल) को सौंप दिया गया।

इसके अलावा फेफना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय घायल हुए युवक को आरपीएफ कांस्टेबल सतीश कुमार राय ने तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरही पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया। आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई की यात्रियों और परिजनों ने सराहना की।

Leave a Comment

और पढ़ें