लखनऊ । चार्टर्ड अकाउंटेंट सोसाइटी के 65 सदस्यीय चार्टर्ड अकाउंटेंट दल का उड़ीसा शैक्षणिक भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई के बाद आयकर अधिनियम 2025 समेत अन्य कानूनों में होने वाले बदलावों की जानकारी और अध्ययन के उद्देश्य से यह भ्रमण आयोजित किया गया था।
सीए इंस्टीट्यूट के पूर्व चेयरमैन प्रदीप गोयल ने बताया कि इस तरह के शैक्षणिक कार्यक्रम सीए पेशे से जुड़े लोगों के ज्ञानवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से वह ऐसे शैक्षणिक टूर में साथी सीए के साथ शामिल होते रहे हैं। उन्होंने नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स से अपील की कि वे भी इन कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लें।
इस दौरान लखनऊ के नए सीए अर्थराज गोयल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग और इसके प्रभावों के बारे में जानकारी दी। एलसीएएस इंस्टीट्यूट के पूर्व प्रेसिडेंट पवन धवन ने कहा कि सभी सीए को आयकर अधिनियम 2025, कानूनी बदलावों और एआई तकनीक के साथ खुद को अपडेट रखना होगा। कार्यक्रम के समापन पर सीए हेमंत कुमार ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।









