गाजीपुर। जनपद के जंगीपुर थाना क्षेत्र के तारनपुर गांव में बुधवार को विद्युत पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से एक भैंस की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पशुपालक ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, तारनपुर गांव निवासी मुसाफिर यादव दोपहर के समय अपनी भैंस को चराने के लिए घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान खेत के पास लगे लोहे के विद्युत पोल में प्रवाहित करंट की चपेट में भैंस आ गई और वह पोल से चिपक गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जंगीपुर के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. हसनैन अंसारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में भैंस की मौत बिजली के करंट से होना प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार पशुपालक को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।









