गाजीपुर । प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए गुरुवार को नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार में जिला स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किया गया। प्रतियोगिता 10 से 17 अगस्त 2026 तक स्पोर्ट्स स्टेडियम अमेठी में आयोजित होगी।
ट्रायल में जिले की 25 बालिका खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से बेहतर प्रदर्शन के आधार पर पांच खिलाड़ियों का चयन मंडलीय ट्रायल के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ी 7 अगस्त को सुबह 9 बजे डॉ. सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा (वाराणसी) में होने वाले मंडलीय चयन ट्रायल में हिस्सा लेंगी।
वहां से चयनित खिलाड़ी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में गाजीपुर का प्रतिनिधित्व करेंगी। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की प्रतिभा, फिटनेस और खेल कौशल का मूल्यांकन किया गया। इस अवसर पर फुटबॉल प्रशिक्षिका श्रीमती संगीता यादव, जिला फुटबॉल संघ के संयुक्त सचिव मो. मोईन तथा क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद उपस्थित रहे। उनके मार्गदर्शन एवं देखरेख में जिला स्तरीय बालिका फुटबॉल चयन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।









