लखनऊ । व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर व्यापार बंधु की बैठक में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी ने बिना जल कनेक्शन के भी व्यापारियों को हजारों-लाखों रुपये के जलकर बिल भेजे जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने ऐसे बिलों की जांच कराकर उनका तत्काल निस्तारण कराने की मांग की।
इसके साथ ही अमीनाबाद बाजार में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण तथा कैसरबाग-अमीनाबाद मार्ग पर ई-रिक्शों के कारण लगने वाले जाम की समस्या भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी गई। व्यापारियों ने कहा कि अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था की समस्या से बाजार में आने वाले ग्राहकों के साथ दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में जावेद बेग, रमेश सिंह, अमरनाथ चौधरी, राजीव कक्कड़, अनिल अग्रवाल और कजरा निगम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


