Search
Close this search box.

2027 में फिर योगी सरकार बनाने का संकल्प, हिंदू युवा वाहिनी ने संगठन विस्तार पर दिया जोर

वाराणसी । हिंदू युवा वाहिनी की संगठनात्मक बैठक के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन का प्रमुख लक्ष्य वर्ष 2027 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पुनः सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व और सनातन संस्कृति को मजबूत करने के लिए संगठन लगातार कार्य कर रहा है और योगी आदित्यनाथ की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना उसका प्रमुख उद्देश्य है।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि हिंदू युवा वाहिनी का पूर्व स्वरूप वर्ष 2017 तक सक्रिय रहा, जबकि वर्ष 2018 में संगठन का पुनर्गठन कर इसे नए सिरे से आगे बढ़ाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व पदाधिकारी अमरीश सिंह भोला का वर्तमान संगठन से कोई संबंध नहीं है।

राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन हिंदुत्व, सनातन संस्कृति की रक्षा और राष्ट्रहित के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने देशभर के सनातनी युवाओं से संगठन से जुड़कर समाज एवं राष्ट्रहित में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सिंह राठौर के दिशा-निर्देशन में संगठन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विचारधारा पर आगे बढ़ रहा है। संगठन भविष्य में योगी आदित्यनाथ को देश का प्रधानमंत्री देखना चाहता है।

वाराणसी पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष का मंडल प्रभारी भास्कर तिवारी ‘रानू’ ने फूल-मालाओं व अंगवस्त्र से स्वागत किया। बैठक में प्रदेश, मंडल और जिला स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे तथा संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

और पढ़ें