वाराणसी । पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने शुक्रवार को अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा के साथ माधोसिंह रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबंधक ने प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, यात्री आरक्षण केंद्र, पैदल उपरिगामी पुल, वॉटर कूलर, यात्री शेड और बेंच सहित अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने यार्ड सुधार तथा यात्री सुविधा से जुड़े निर्माणाधीन कार्यों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्टेशन मास्टर कक्ष एवं रिले रूम में स्थापित संरक्षा उपकरणों की जांच की। सेफ्टी लॉकिंग व्यवस्था और अग्निशमन अलार्म सिस्टम को भी परखा गया। निर्माणाधीन पैदल उपरिगामी पुल की गुणवत्ता और निर्माण सामग्री की समीक्षा करते हुए कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
अपर महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर से परित्यक्त निर्माण सामग्री हटाकर व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित करने को भी कहा। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ रेल अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं स्टेशन कर्मचारी मौजूद रहे।





