Search
Close this search box.

टीबी मुक्त भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को दिया प्रशिक्षण

मीरजापुर । प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुनार के सभागार में बच्चों को टीबी रोग से बचाव एवं उपचार को लेकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार पटेल एवं सीएचसी एमओटीसी डॉ. संतोष कुमार वर्मा की उपस्थिति में आयोजित प्रशिक्षण में समस्त सीएचओ, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर एवं आशा संगिनियों को टीबी की पहचान, जांच और उपचार के नए तरीकों की जानकारी दी गई।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार पटेल ने स्वास्थ्य कर्मियों से अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक जागरूकता कैंप लगाने तथा टीबी के लक्षण वाले बच्चों एवं वयस्कों को सरकारी चिकित्सालयों में उपलब्ध नि:शुल्क जांच एवं उपचार सुविधाओं का लाभ दिलाने का आह्वान किया।

एमओटीसी डॉ. संतोष कुमार वर्मा ने टीबी के प्रमुख लक्षणों की जानकारी देते हुए कहा कि टीबी गंभीर बीमारी है, लेकिन लाइलाज नहीं है। उन्होंने बताया कि शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों में बलगम की जांच कठिन होने के कारण ऐसी परिस्थितियों में एक्स-रे सहित अन्य जांच सहायक सिद्ध होती हैं।

क्षय विभाग के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर सतीश शंकर यादव ने कहा कि बीमारी से पीड़ित व्यक्ति स्वास्थ्य कर्मियों से उम्मीद लेकर आता है। इसलिए उसके साथ मृदुभाषी एवं अपनत्वपूर्ण व्यवहार करते हुए उचित मार्गदर्शन और सहयोग करना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में डॉ. आशिफ जहीर, डॉ. संगीता, सर्वेश कुमार, अखिलेश यादव, इफ्तिखार, बीसीपीएम गीता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें