बलिया । जनपद के तहसील बांसडीह सभागार में सोमवार को जनजातीय समुदाय के अधिकारों एवं आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया अनिल कुमार झा के आदेश पर आयोजित शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने की।

शिविर में जनजातीय समुदाय के लोगों को संविधान एवं विभिन्न विधिक प्रावधानों के तहत प्राप्त अधिकारों की जानकारी दी गई। उन्हें शोषण, भेदभाव अथवा अधिकारों के हनन की स्थिति में निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई।

कार्यक्रम में 12 सितम्बर 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि लोक अदालत के माध्यम से लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सुलह-समझौते से सरल और त्वरित निस्तारण कराया जा सकता है।
तहसीलदार बांसडीह नितीन कुमार सिंह ने लोगों से लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। शिविर में नायब तहसीलदार रजनीश कुमार सिंह, बार एसोसिएशन अध्यक्ष चन्द्रशेखर सिंह सहित अधिवक्ता, पैरा लीगल वालंटियर्स, वादकारी एवं जनजातीय समुदाय के लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







