वाराणसी। मिर्जामुराद के गौर गांव स्थित स्व. वंशनारायण सिंह महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने सोमवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष राम शकल पटेल ने किया।
‘हर मन में तिरंगा, हर कण में तिरंगा’ के उद्घोष के साथ यात्रा महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर मिर्जामुराद बाजार होते हुए पुनः महाविद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। हाथों में तिरंगा लिए छात्राएं ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाती चल रही थीं। डीजे पर देशभक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के माहौल में सराबोर रहा।
आयोजकों ने बताया कि यात्रा अमर शहीदों और सीमा पर तैनात वीर जवानों के शौर्य को नमन करने के उद्देश्य से निकाली गई। भाजपा जिलाध्यक्ष राम शकल पटेल ने कहा कि ऐसी यात्राएं युवाओं में राष्ट्रप्रेम, एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करती हैं।
कार्यक्रम का समापन महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रगान के साथ हुआ। यात्रा में किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रामप्रकाश सिंह ‘वीरू’, संजीव सिंह गौतम, सुरेंद्र बिंद, डॉ. संगीता सिंह सहित भाजपा कार्यकर्ता, शिक्षक और सैकड़ों छात्राएं मौजूद रहीं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा, एसआई पवन यादव समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा।
रिपोर्टिंग राधिका तिवारी।






