Search
Close this search box.

मिशन शक्ति अभियान के तहत बलिया में महिलाओं व बालिकाओं को किया जागरूक

बलिया । उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “मिशन शक्ति फेज-5.0” के द्वितीय चरण के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर सोमवार को बलिया पुलिस ने जनपद के विभिन्न ग्रामों, कस्बों, मोहल्लों, शिक्षण संस्थानों व धार्मिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम और चौपाल आयोजित की। अभियान पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण में चलाया गया।

पुलिस टीमों ने छात्राओं, बालिकाओं एवं महिलाओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा के उपाय तथा गुड टच-बैड टच की पहचान के बारे में जानकारी दी। महिलाओं को छेड़खानी या किसी प्रकार के अपराध की स्थिति में भयभीत न होकर तत्काल पुलिस से संपर्क करने और आवश्यक होने पर एफआईआर दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रमों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के प्रति भी जागरूक किया गया। ग्रामीण चौपालों में लोगों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित एवं विधिपूर्ण निस्तारण का भरोसा दिलाया गया।

पुलिस ने महिलाओं को 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 102 व 108 एंबुलेंस, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन की जानकारी दी। पुलिस ने संदेश दिया कि “हर कदम पर सुरक्षा का अहसास, मिशन शक्ति है आपके पास।”

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें