वाराणसी। के थाना लोहता क्षेत्र से 8 अगस्त को घर से बिना बताए लापता हुए 11 वर्षीय बालक को लोहता पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 अगस्त को मुढैला तिराहे से सकुशल बरामद कर लिया। बालक के अचानक लापता होने से परिजनों में चिंता का माहौल था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
लगातार प्रयास के बाद पुलिस को सफलता मिली और बालक को मुढैला तिराहे से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।इस मामले में पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था। बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और लोहता पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
बालक की बरामदगी में थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय, उपनिरीक्षक अतुल सिंह, कांस्टेबल रत्नेश राय एवं कांस्टेबल राजेन्द्र प्रताप की भूमिका सराहनीय रही।
रिपोर्टिंग अशोक कुमार गुप्ता।






