मीरजापुर। 14 अगस्त 2026 विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विकास भवन के ऑडिटोरियम में श्रद्धांजलि सभा एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में 52 पोस्टरों के माध्यम से वर्ष 1947 के विभाजन की त्रासदी, विस्थापन, संघर्ष और पीड़ा को प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली, विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, विधायक मझवां सुचिस्मिता मौर्य, विधायक छानबे रिंकी कोल एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने मोमबत्ती जलाकर किया। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर विभाजन में प्रभावित परिवारों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।

सरला सराफ पब्लिक स्कूल, गोविंदा आश्रम इंटर कॉलेज पैड़ापुर, आर. कन्या इंटर कॉलेज सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर विभाजन के दौरान परिवारों के बिछड़ने, विस्थापन और संघर्ष की मार्मिक तस्वीर पेश की।

विधायक नगर ने कहा कि विभाजन केवल जमीन का बंटवारा नहीं, बल्कि मानवता का भीषण विभाजन था। वक्ताओं ने कहा कि विभाजन की त्रासदी से सीख लेते हुए समाज को जाति, धर्म और क्षेत्र के नाम पर बंटने से बचना चाहिए।


एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।







