वाराणसी । महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन में स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संचालित “आनंदी माँ-एक जीवन बचाओ अभियान (कैंसर मुक्त भारत यात्रा) 2026-27” के तहत सर्वाइकल कैंसर (HPV) एवं स्तन कैंसर जागरूकता अभियान की श्रृंखला का समापन कार्यक्रम राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, वाराणसी में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. डी.के. मौर्य ने की।
मुख्य वक्ता डॉ. चंद्रशेखर पांडेय (काशी हिंदू विश्वविद्यालय) ने कैंसर के लक्षण, निदान और सत्त्वावजय चिकित्सा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने चिकित्सकों से कैंसर मरीजों को “No Fear, Only Care” के सिद्धांत के साथ उपचार के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कैंसर रोगियों में ओज क्षय के कारण प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो सकती है, इसलिए उपचार के साथ सकारात्मक सोच और उचित चिकित्सा जरूरी है। उन्होंने रसायन औषधियों के महत्व पर भी जोर दिया।
प्राचार्य प्रो. डी.के. मौर्य ने कहा कि कैंसर के लक्षणों को पहचानना डर नहीं, बल्कि जागरूकता और समझदारी है। समय पर सही कदम जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अंकित गुप्ता ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के चिकित्सक, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








