बलिया । स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को बलिया रेलवे स्टेशन पर थाना कोतवाली पुलिस, जीआरपी और डॉग स्क्वॉड की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए गए अभियान का उद्देश्य शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकना रहा।

संयुक्त टीम ने स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, यार्ड तथा प्रवेश और निकास द्वारों की गहन जांच की। संदिग्ध यात्रियों को रोककर पूछताछ की गई और उनके बैग व सामान की तलाशी ली गई। डॉग स्क्वॉड की मदद से स्टेशन परिसर और संवेदनशील स्थानों की भी जांच की गई। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पुलिस ने यात्रियों से अपील की कि स्टेशन या ट्रेन में कोई लावारिस वस्तु, संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी या रेलवे हेल्पलाइन को सूचना दें। पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के दौरान नागरिकों से सतर्क रहने और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







