Search
Close this search box.

हर घर तिरंगा अभियान के तहत वाराणसी मंडल में निकली भव्य तिरंगा रैली

वाराणसी । 14 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल में शुक्रवार को भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह के नेतृत्व में अधिकारी क्लब से रेलवे कॉलोनी तक आयोजित रैली में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों और उद्घोषों के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। रैली के माध्यम से रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्र की एकता-अखंडता और देशभक्ति के प्रति जागरूक करते हुए प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। निर्धारित मार्ग से होते हुए रैली पुनः अधिकारी क्लब पहुंचकर संपन्न हुई।

इस अवसर पर डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने भारतीय ध्वज संहिता का पालन करने तथा स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करने की अपील की।

रैली में एडीआरएम अशोक कुमार वर्मा, एडीआरएम अजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक आर.जे. चौधुरी सहित शाखा अधिकारी, यूनियन सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें